देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा हमें याद दिलाता है कि बुराई और अहंकार का अंत निश्चित है और अंततः सत्य की विजय होती है।
रावण दहन के साथ खुद की बुराइयों को भी दूर करें: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, संयम और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। विजयादशमी का पर्व केवल रावण के पुतले को जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर मौजूद बुराइयों को पहचानने और उन्हें समाप्त करने का भी अवसर है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर सत्य और धर्म के रास्ते पर चलने की अपील की।
13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कराई कब्जामुक्त
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। धामी ने बताया कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए दंगारोधी कानून लागू किया गया है। वहीं, धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने तथा धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Also Read
- रेखा आर्या से जुड़े SC-ST एक्ट मामले में पप्पू गिरधारी को झटका, कोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से किया इनकार
- उत्तराखंड में कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा, रोजगार की मांग के अनुसार तैयार होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
- रेखा आर्या पर पति का पलटवार, ₹210 करोड़ की संपत्ति की जांच की मांग; बोले- जल्द खोलूंगा पूरा कच्चा चिट्ठा
- जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में अभद्रता करने पर अधिवक्ता के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति
- राकेश टिकैत का देहरादून कूच, दिव्यांशु हत्याकांड के विरोध में आज प्रदर्शन
शिक्षा, रोजगार और आर्थिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तार्किक क्षमता विकसित कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए निवेश को बढ़ावा देने के साथ उद्यमिता और रोजगार के नए अवसर पैदा करना आवश्यक है। स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और युवाओं को अपने प्रदेश में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आगे बढ़ेगा उत्तराखंड
सीएम धामी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर आधारित रामराज्य की अवधारणा न्याय, समानता, सुशासन और जनकल्याण का संदेश देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ यहां की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने लोगों से ऐसे उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की, जहां महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिले, युवाओं को अवसर प्राप्त हों और प्रत्येक नागरिक को न्याय मिल सके। दशहरा महोत्सव में कैबिनेट मंत्री खजान दास, बन्नू बिरादरी के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
source link- https://www.republicsandesh.com/2026/10/cm-dhami-attends-dussehra-festival-in-dehradun-calls-for-embracing-the-ideals-of-lord-ram/






