उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी, बसों के पहिए थमे

उपशीर्षक: तीन महीने का वेतन बकाया होने से नाराज कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर, डीए और बोनस सहित कई मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा

देहरादून। उत्तराखंड में रोडवेज बसों से सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। 30 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस आंदोलन के चलते परिवहन निगम की बस सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

Read More

कर्मचारियों और परिवहन निगम प्रबंधन के बीच गुरुवार को हुई वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल पाया। निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी की मौजूदगी में करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में कर्मचारी संगठनों ने अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण वार्ता समाप्त हो गई। इसके बाद यूनियन ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया।

इन मांगों को लेकर कर्मचारी नाराज

यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा महंगाई भत्ते का भुगतान, दीपावली बोनस और निगम के बस बेड़े में नई बसें शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। कर्मचारियों ने अवैध निजी बसों के संचालन और डग्गामारी पर रोक लगाने की मांग भी की है।

कई रूटों पर प्रभावित हो सकती है बस सेवा

यूनियन के मुताबिक परिवहन निगम की करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन उससे जुड़े कर्मचारी करते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होने पर बसों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। लंबी दूरी की सेवाओं के साथ मैदानी मार्गों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

तीनों मंडलों में आंदोलन की तैयारी

यूनियन ने देहरादून, नैनीताल और टनकपुर मंडल की सभी इकाइयों को आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है। महामंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार वापस नहीं लिया जाएगा। कर्मचारियों के इस फैसले के बाद अब परिवहन निगम प्रबंधन के सामने बस संचालन बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। वहीं, रोजाना रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों को आने वाले दिनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

source:- https://www.republicsandesh.com/2026/10/uttarakhand-roadways-employees-strike-will-increase-passenger-problems-buses-halted/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *