झुंझुनू में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत

उपशीर्षक: मिक्सर मशीन से हाईटेंशन तार टकराने पर हुआ हादसा, पांच श्रमिक घायल; प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषण

राजस्थान के झुंझुनू जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए भीषण हादसे ने आठ परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में काम के दौरान मिक्सर मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। करंट फैलने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

Read More

जानकारी के अनुसार, गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूर सीमेंट और बजरी मिलाने वाली मशीन को दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहे थे। मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद मशीन में करंट उतरने से वहां काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में जान गंवाने वालों में कुछ मजदूर एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। राजस्थान सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झुंझुनू हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/major-accident-during-road-construction-in-jhunjhunu-8-laborers-die-after-coming-into-contact-with-a-high-tension-line/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *