उपशीर्षक: छह नवंबर को परेड ग्राउंड में होगा भाजपा का आयोजन, दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे अमित शाह; पुलिस लाइन का कार्यक्रम अब बाद में होगा
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब गृह मंत्री सबसे पहले परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली भाजपा की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परेड ग्राउंड पहुंचना था, लेकिन अब कार्यक्रम का क्रम बदल दिया गया है। नए शेड्यूल के तहत वह दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचकर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे।
पांच विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने तेज की तैयारी
Also Read
- मां ने दिखाई बहादुरी, गुलदार के मुंह से बेटी को खींच लाई बाहर; आधा किलोमीटर तक किया पीछा
- उत्तराखंड में बेटियों के लिए बनेगा खेलों का बड़ा केंद्र, 256.96 करोड़ से तैयार हो रहा पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
- जमीनों के मुद्दे पर धामी सरकार को घेरेगी कांग्रेस, 4 नवंबर से शुरू होगा ‘भूमि बचाओ’ अभियान
- इनाम का लालच देकर आठ राज्यों में ठगी, 23 साल का युवक 80 लाख के साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार
- उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी, बसों के पहिए थमे
गृह मंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से देहरादून और हरिद्वार सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में लाने की तैयारी की जा रही है। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इनमें कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और विधायकों ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क बढ़ाने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
परेड ग्राउंड की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर
अमित शाह के दौरे और राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर शासन स्तर पर भी तैयारियां चल रही हैं। मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के बैठने, प्रोटोकॉल, ध्वनि व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
परेड ग्राउंड में जनसभा के मद्देनजर छह नवंबर को देहरादून की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान शहर के प्रभावित इलाकों में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/schedule-changed-for-amit-shahs-visit-the-home-minister-will-first-participate-in-a-padyatra-foot-march-in-dehradun/





