हल्द्वानी: मरचूला हादसे के बाद उत्तराखंड परिवहन विभाग और पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कस दिया है। सोमवार को हल्द्वानी, कालाढूंगी, कोटाबाग, रामनगर और लालकुआं मार्ग पर चलाए गए विशेष अभियान में 57 वाहनों का चालान किया गया और छह को सीज कर दिया गया। वहीं, ओवरलोडिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई जारी है।
चेकिंग अभियान: पानी की टंकी ले जा रहे ई-रिक्शा पर भी कार्रवाई
परिवहन कर अधिकारी अशोक डिमरी की देखरेख में तीन टीमें बनाई गईं, जिन्होंने हल्द्वानी, बैलपड़ाव, रामनगर और भीमताल मार्गों पर चेकिंग की। इस दौरान टैक्स बकाया, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, फिटनेस सर्टिफिकेट की कमी, सीट बेल्ट, हेलमेट और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।
आरटीओ प्रवर्तन डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि सभी वाहनों को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवर्तन की यह कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
Also Read
- 30 साल बाद लौटा पति, हुआ भावुक मिलन, पत्नी की आंखें हुईं नम
- बॉबी पंवार के आरोपों को चुनाव आयोग ने किया ख़ारिज, वीडियो को बताया फर्जी
- रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के बाद सख्ती: DGP दीपम सेठ ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग
- सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹36.83 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
- चारधाम यात्रा की सुरक्षा पर सरकार सख्त, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर बुधवार को बड़ा मंथन
पुलिस ने भी कसी नकेल, 31 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई
नैनीताल पुलिस ने डीजीपी अभिनव कुमार और एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए हैं। रविवार से शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 31 ओवरलोड वाहनों का चालान किया और तीन वाहनों को सीज कर दिया।
एसपी यातायात हरबंश सिंह ने बताया कि सभी थाना-चौकियों को निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक और निजी परिवहन वाहनों की सख्त चेकिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, कार्रवाई लगातार जारी
हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग का यह अभियान जारी रहेगा। सोमवार को भी 10 से अधिक चालान किए गए। बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट और बिना दस्तावेज वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।






