मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में उच्च शिक्षा का स्तर केवल डिग्री तक सीमित न रह जाए, बल्कि युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने वाली बने.
विदेशों में मानव संसाधन की मांग के अनुरूप किया जाए युवाओं को प्रशिक्षित : CM
सीएम धामी ने कहा कि विदेशों में मानव संसाधन की मांग के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए. इसके लिए उन्हें विदेशी भाषाओं का ज्ञान और कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाए ताकि उत्तराखंड का युवा वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा में खड़ा हो सके. सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विदेशी दूतावासों से संपर्क स्थापित कर विभिन्न देशों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएं.
प्रोफेसर को दिया जाए तकनीक आधारित प्रशिक्षण
बैठक में सीएम धामी ने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा को गुणवत्तापरक बनाने के लिए प्रोफेसर को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण दिया जाए. शिक्षण को रोचक बनाने के लिए टूल्स, डिजिटल सामग्री और सहायक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की लाइब्रेरी में पर्याप्त किताबें हों और प्रयोगशालाओं में सभी आवश्यक उपकरण मौजूद रहें, यह भी सुनिश्चित किया जाए.
Also Read
- इनाम का लालच देकर आठ राज्यों में ठगी, 23 साल का युवक 80 लाख के साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार
- उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी, बसों के पहिए थमे
- निकायों के खजाने में 328 करोड़ की मदद, कर्मचारियों के वेतन-पेंशन का रास्ता साफ
- उत्तराखंड में 1800 से ज्यादा सरकारी नौकरियों की तैयारी, पुलिस से वन विभाग तक खुलेंगे भर्ती के रास्ते
- गैरसैंण में विधानसभा सत्र का आगाज, बजट से लेकर ग्राम प्रधानों के आंदोलन तक कई मुद्दों पर रहेगी नजर
उच्च शिक्षा को तेजी से अपग्रेड करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की भारत दर्शन योजना का ज़िक्र करते हुए कहा कि मेधावी छात्रों को देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कराया जाए ताकि वे उच्चतर शैक्षणिक व व्यावसायिक अवसरों से परिचित हो सकें. सीएम ने नैक ग्रेडिंग सिस्टम के तहत राज्य के अधिकतम कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को लाने के निर्देश भी दिए और कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा को तेजी से अपग्रेड किया जाए.





