भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव(India Pakistan Tension) के बीच देशभर में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। खासकर बॉर्डर से सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्ना हो गई हैं। उत्तराखंड के देहरादून जनपद में भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। यहां हर एंट्री पॉइंट पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर गाड़ी, हर व्यक्ति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
बॉर्डर इलाकों से आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी
देहरादून की सीमाओं पर अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय बैरियर लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी हर वाहन की तलाशी ले रहे हैं, खासतौर पर उन गाड़ियों की जो सीमावर्ती इलाकों से आ-जा रही हैं। बिना जांच के किसी को भी आगे बढ़ने की इजाज़त नहीं दी जा रही। पुलिस अफसर खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा ले रहे हैं।
रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बाजारों में अलर्ट मोड
सिर्फ सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों जैसे रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और बाजारों में भी सुरक्षा सख्त कर दी गई है। यहां BDS (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) और डॉग स्क्वाड की तैनाती कर दी गई है, जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। अगर किसी को कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखे, तो उसे तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करने की अपील की गई है।
Also Read
- चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मौत का आंकड़ा 271 पहुंचा, स्वास्थ्य सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
- सचिवालय में महिला अधिकारी से अभद्रता का आरोप, उपनल कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- मोटे अनाजों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की तैयारी, मयकोटी में छह दिवसीय कार्यशाला शुरू
- देहरादून में दशहरा महोत्सव में पहुंचे CM धामी, श्रीराम के आदर्श अपनाने का किया आह्वान
- रेखा आर्या से जुड़े SC-ST एक्ट मामले में पप्पू गिरधारी को झटका, कोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से किया इनकार
एसएसपी का सख्त संदेश—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
देहरादून के एसएसपी ने साफ कहा है कि सुरक्षा में कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस टीमें लगातार फील्ड में एक्टिव हैं और हर इलाके में पैनी निगाह बनाए हुए हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि चेकिंग के दौरान वे आम लोगों से संयम और विनम्रता से पेश आएं, ताकि सुरक्षा तो पुख्ता रहे, लेकिन लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
चप्पे-चप्पे पर नजर
पुलिस की ये सक्रियता आम लोगों के लिए सुकून की बात है। लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी बढ़ा है। प्रशासन की ओर से ये माना जा रहा है कि हालात सामान्य होने तक ये अभियान लगातार जारी रहेगा। कुल मिलाकर देहरादून अब एकदम अलर्ट मोड में है। और हर संदिग्ध हरकत पर चौकस नजर रखी जा रही है।






