बांग्लादेश में फिर सियासी संग्राम, शेख हसीना की वापसी से पहले अवामी लीग का बड़ा ऐलान; दो दिन रहेगा लॉकडाउन

27 और 28 नवंबर को देशव्यापी बंद का आह्वान, पूर्व प्रधानमंत्री की पार्टी ने प्रतिबंध हटाने और नेताओं की रिहाई समेत सरकार के सामने रखीं आठ मांगें।

बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने 27 और 28 नवंबर को पूरे देश में लॉकडाउन रखने का ऐलान किया है। इस दौरान सरकार पर अपनी मांगें मानने का दबाव बनाया जाएगा। अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुज्जमिल अली के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौट सकती हैं। यह दिन देश में 1971 के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। उनकी वापसी की खबर सामने आने के बाद से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

गोपालगंज में हिंसा, दुकानों में तोड़फोड़

Read More

राजनीतिक तनाव का असर कई इलाकों में दिखाई देने लगा है। शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमले की खबर है। वहीं, मंगलवार को करीब 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। लगातार सामने आ रही घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

सरकार के सामने रखीं आठ मांगें

अवामी लीग ने अपनी मांगों में पार्टी पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने, शेख हसीना और अन्य नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने तथा जेल में बंद नेताओं की रिहाई की बात कही है। इसके साथ ही महंगाई कम करने, बिजली-गैस और ईंधन की कीमतों पर नियंत्रण, बेरोजगारों को रोजगार देने और बंद पड़े कारखानों को फिर शुरू करने की मांग की गई है। पार्टी ने महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, पत्रकारों की स्वतंत्रता और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को भी अपनी मांगों में शामिल किया है।

ढाका लौट रहे जमात-ए-इस्लामी प्रमुख

बांग्लादेश के बिगड़ते राजनीतिक हालात के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान भी अपना ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा बीच में छोड़कर ढाका लौट रहे हैं। अब 27-28 नवंबर के प्रस्तावित लॉकडाउन और सरकार के रुख पर सबकी नजरें टिकी हैं।

source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/political-turmoil-erupts-again-in-bangladesh-awami-league-makes-a-major-announcement-ahead-of-sheikh-hasinas-return-a-two-day-lockdown-to-be-imposed/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *