बांग्लादेश में सियासी तनाव के बीच मंत्री के घर पर हमला, तारिक रहमान ने भारत पर उठाए सवाल

उपशीर्षक: विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित आवास पर फेंका गया पेट्रोल बम, अवामी लीग पर हिंसा फैलाने का आरोप; भारत ने बांग्लादेश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी से किया परहेज।

बांग्लादेश: बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच हिंसा की एक और घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित घर को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका गया। घटना के बाद सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। हुमायूं कबीर ने इस हमले के पीछे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सीमा पार से साजिश किए जाने की बात कही है। हमले के बाद विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने अवामी लीग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यकर्ता देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी और पेट्रोल बम हमलों जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कबीर ने कहा कि अवामी लीग अब आतंकवादी गतिविधियों में शामिल संगठन बनकर रह गई है। बता दें कि बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंध लगाया गया है।

Read More

मंत्री के आवास पर हमले की जांच में जुटी पुलिस

सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उपायुक्त मोहम्मद अफजल हुसैन ने बताया कि मंत्री के घर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।

तारिक रहमान ने सीमा पार से साजिश का लगाया आरोप

इस बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को उत्तरी बांग्लादेश के लालमोनिरहाट में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अवामी लीग के नेताओं ने कभी बांग्लादेश और यहां की जनता के हितों को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने बिना नाम लिए पड़ोसी देश की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश छोड़कर गए नेताओं को सीमा पार से समर्थन मिल रहा है और वे अपने संरक्षकों को खुश करने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं।

भारत ने बयान पर प्रतिक्रिया देने से किया इनकार

तारिक रहमान के आरोपों के बाद भारत की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजरें रहीं। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब इस मामले में सवाल किया गया तो उन्होंने बांग्लादेश के आंतरिक राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत बांग्लादेश के साथ अच्छे और सकारात्मक संबंध बनाए रखने का पक्षधर है। बांग्लादेश में लगातार सामने आ रही हिंसा की घटनाओं और राजनीतिक बयानबाजी ने वहां के हालात को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। पेट्रोल बम हमले के बाद सरकार की सुरक्षा व्यवस्था और भारत के साथ रिश्तों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/amid-political-tension-in-bangladesh-a-ministers-home-is-attacked-tarique-rahman-raises-questions-about-india/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *