कोटद्वार में वन विभाग के जाल में फंसा बड़ा गुलदार, महिला की मौत के बाद देर रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कोटड़ीढांग में महिला पर हमले के बाद ग्रामीणों में था भारी आक्रोश, घटनास्थल के पास से गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ा गया।

पौड़ी जिले के कोटद्वार में महिला की मौत के बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सफलता हासिल की है। मंगलवार देर रात घटनास्थल के आसपास घूम रहे एक बड़े गुलदार को टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ लिया। इसके बाद इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है।

गौरतलब है कि सोमवार को सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में कविता कोठियाल जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया था। हमले में महिला की जान चली गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने सनेह मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की थी।

Read More

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने वन विभाग को गुलदार को पहले ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने क्षेत्र में पिंजरे लगाए और गश्त बढ़ा दी।

मंगलवार रात टीम ने एक बड़े गुलदार को बेहोश कर पकड़ लिया। फिलहाल उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पकड़ा गया गुलदार ही महिला पर हमला करने वाला था या नहीं।

source link:-https://www.republicsandesh.com/2026/11/large-leopard-caught-in-a-forest-department-trap-in-kotdwar-rescue-operation-carried-out-late-at-night-following-a-womans-death/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *