अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 राज्यों में नियुक्त किए पदाधिकारी, उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा संगठन बनाया; फिलहाल चुनाव में उतरने से किया इनकार
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना संगठन मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली पार्टी ने देश के 10 राज्यों में नई प्रदेश स्तरीय समितियों का गठन किया है। इस सूची में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जहां 16 लोगों को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि संगठन का विस्तार करने का मतलब विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी नहीं है।
यूपी में सबसे ज्यादा पदाधिकारियों की नियुक्ति
CJP की ओर से घोषित नई टीमों में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिला है। यहां 16 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में 15, झारखंड और पूर्वोत्तर में 14-14 तथा बिहार में 13 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में 12, उत्तराखंड और हरियाणा में 6-6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इन नियुक्तियों के जरिए अलग-अलग राज्यों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी की है।
चुनाव लड़ने की अटकलों पर पार्टी ने दिया जवाब
उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी टीम के ऐलान के बाद CJP के चुनावी मैदान में उतरने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस पर पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास ने साफ किया कि संगठन फिलहाल राजनीतिक दबाव समूह के तौर पर काम कर रहा है। अभी किसी राजनीतिक दल के गठन या चुनाव लड़ने की योजना नहीं है।
Also Read
- खटीमा में छठ महोत्सव में शामिल हुए CM धामी, छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का किया लोकार्पण
- हल्द्वानी में वोटर लिस्ट से नाम हटाने की कोशिश का आरोप, 28 फॉर्म जमा होने पर मचा विवाद
- असम में पटरी से उतरी सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस, इंजन समेत 6 कोच बेपटरी
- यूपी में दो बड़े सड़क हादसों से मचा कोहराम, मुजफ्फरनगर में कार बनी आग का गोला; 6 की मौत
- यूपी में किसानों और महिलाओं की खुलेगी किस्मत! योगी सरकार लाने जा रही खास पैकेज
पहले लोकसभा क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी सक्रियता
पार्टी की योजना पहले लोकसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने की है। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे के अनुसार, सदस्यता अभियान के विस्तार के साथ आगे विधानसभा स्तर पर भी काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से संपर्क किया जा रहा है। महाराष्ट्र में सदस्यता अभियान की शुरुआत हो चुकी है। पार्टी के सदस्य दूसरे राज्यों में भी लोगों को संगठन से जोड़ने में जुटे हैं।
राष्ट्रीय टीम में भी हो चुकी हैं नियुक्तियां
CJP इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर अपनी टीम की घोषणा कर चुकी है। इसमें अभिजीत दीपके को संयोजक बनाया गया है। क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तरी जोन की समन्वय समिति में जगह दी गई है। पार्टी का कहना है कि उसकी टीमें क्षेत्रीय स्तर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के वादों और उनके कामकाज पर नजर रखेंगी। साथ ही अधूरे कार्यों और चुनावी वादों को लेकर जवाबदेही तय करने के लिए दबाव बनाया जाएगा। ऐसे में यूपी में संगठन का बढ़ता दायरा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन फिलहाल CJP ने चुनावी मुकाबले से दूरी बनाए रखने का संकेत दिया है।
source link:-https://www.republicsandesh.com/2026/11/major-organizational-expansion-by-cjp-ahead-of-assembly-elections-16-member-team-deployed-in-up-what-did-the-party-say-about-contesting-elections/






