देहरादून: कैंट कोतवाली क्षेत्र के पंडितवाड़ी में दो भाइयों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। विवाद की वजह घर में तेज आवाज में टीवी चलाने को बताया जा रहा है। दोनों भाइयों ने घटना से पहले शराब का सेवन किया था।
घटना की जानकारी खुद छोटे भाई ने पड़ोसियों को दी। घायल अवस्था में बड़े भाई विजय कुमार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
टीवी की आवाज बना मौत का कारण
रविवार देर रात पंडितवाड़ी गजियावाला निवासी विजय कुमार और नीरज कुमार के बीच तेज आवाज में टीवी चलाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। मामला इतना बढ़ गया कि नीरज ने चाकू उठाकर विजय के सीने में घोंप दिया। इस दौरान घर में मौजूद अन्य परिजन भी सकते में आ गए।
Also Read
- देहरादून में धर्म पूछकर कश्मीरी युवकों के साथ हुई मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का मोथरोवाला में 07 दिवसीय एनएनएस शिविर सम्पन्न, जनजागरूकता की जगाई अलख
- घनसाली के पूर्व विधायक बलवीर सिंह का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
- सीएस ने ली झुग्गी पुनर्विकास की समीक्षा बैठक, सर्वे और आवास आवंटन के दिए निर्देश
- निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, भोले-भाले लोगों को आरोपी ऐसे देता था झांसा
विजय कुमार को खून से लथपथ हालत में देखकर आरोपी ने खुद पड़ोसियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही विजय का जीजा लक्ष्मण मांझी अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचा और विजय को एंबुलेंस से दून अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
लक्ष्मण मांझी की तहरीर पर पुलिस ने नीरज कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। परिवार वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस का बयान
पुलिस क्षेत्राधिकारी (कैंट) नीरज सेमवाल ने बताया कि मृतक विजय बड़ा भाई था और आरोपी नीरज छोटा। घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई।
परिजनों में मातम का माहौल
इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।






