रुद्रपुर में करोड़ों की नकली NCERT किताबों की खेप बरामद, छापेमारी से मचा हड़कंप

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काशीपुर रोड स्थित किरतपुर इलाके में एक गोदाम पर छापेमारी कर करोड़ों रुपए की एनसीईआरटी (NCERT) की किताबों का जखीरा बरामद किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

रुद्रपुर में करोड़ों की NCERT किताबों का जखीरा बरामद

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि काशीपुर रोड के किरतपुर क्षेत्र में एक गोदाम में बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें संदिग्ध तरीके से रखी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम में छापेमारी की। छापे के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।

Read More

कंटेनर में लोड हो रही थी किताबें

मौके पर गोदाम के बाहर एक कंटेनर भी खड़ा मिला, जिसमें किताबें लोड की जा रही थीं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन किताबों को सप्लाई के लिए बाहर भेजने की तैयारी चल रही थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किताबें असली हैं या फर्जी, और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।

दिल्ली से NCERT की टीम रुद्रपुर के लिए हुई रवाना

फिलहाल पूरे मामले की जांच पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से एनसीईआरटी की टीम भी जांच के लिए रुद्रपुर के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोदाम से बरामद किताबों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

मामले की जांच जारी

जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह पूरा मामला अवैध भंडारण का है या किताबों की फर्जी छपाई और सप्लाई का कोई बड़ा नेटवर्क इससे जुड़ा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Source link

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *