मिशन 2027 के लिए BJP ने कसी कमर, उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर जीत का लक्ष्य

हरिद्वार में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में तैयार होगी चुनावी रणनीति

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। भाजपा ने आगामी चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करना है। इसके लिए हरिद्वार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे और पार्टी नेताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

भाजपा इस बार चुनावी अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की योजना बना रही है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि चुनाव की जिम्मेदारी केवल उम्मीदवारों तक सीमित न रहे, बल्कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें अपनी भूमिका निभाए। बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Read More

प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि चुनाव में भले ही 70 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे, लेकिन जीत के लिए पूरी पार्टी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संगठन को पूरी सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन प्रदेश संगठन के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। दूसरी ओर, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने शक्ति केंद्रों पर बूथ सशक्तीकरण अभियान को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत किया जाए और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार सक्रिय किया जाए।

हरिद्वार में होने वाली दो दिवसीय कार्यसमिति के पहले दिन विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक होगी। इसके बाद दूसरे दिन प्रदेश कार्यसमिति की विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सरकार के पांच साल के कामकाज, संगठन की तैयारियों और आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। भाजपा ने अभी से चुनावी माहौल तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं और 70 सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ संगठन को मैदान में उतारने की तैयारी है।

source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/bjp-gears-up-for-mission-2027-aims-to-win-all-70-seats-in-uttarakhand/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *