CS ने दिए निर्माणाधीन परियोजनाएं समय से पूरी करने के निर्देश, बोले देरी बर्दाश्त नहीं

नैनीताल जिले में चल रही बड़ी परियोजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सख्त रुख अपनाया है। सीएस ने डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने साफ कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे लागत बढ़ती है और जनता को समय पर सुविधाएं नहीं मिल पाती है।

CS ने दिए मासिक लक्ष्य तैयार कर काम करने के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन, स्वीकृतियों या तकनीकी अड़चनों से जुड़े मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर मिलकर किया जाए। यदि कोई मामला शासन स्तर का हो तो उसे तुरंत ऊपर भेजा जाए, लेकिन विकास कार्य रुकने नहीं चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य तय कर काम करने के निर्देश दिए और लंबित टेंडर व अनुमोदनों को जल्द पूरा करने को कहा। सीएस ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

Read More

पर्यटन सीजन को देखते हुए अलर्ट रहने के दिए निर्देश

पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्य सचिव ने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग को अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने साफ किया कि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए ट्रैफिक, पार्किंग और स्ट्रीट लाइट जैसी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त कर ली जाएं। बैठक में करीब 20 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। कैंची धाम सौंदर्यीकरण परियोजना को जून 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं पेयजल योजनाओं, जल जीवन मिशन और सीवरेज प्रोजेक्ट्स को गर्मियों से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया।

CM घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को दी जाए प्राथमिकता : CS

सीएस ने जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। सीएस ने इस परियोजना को तय समय जून 2029 तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हल्द्वानी और रामनगर में बन रहे बस टर्मिनल, मेडिकल और शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और तय समय में पूरा किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएस ने एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर भी निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी मिले और मांग के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जाएं।

Source link

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *