भारत में गरीबी पर बड़ी कामयाबी, 49.60 करोड़ लोगों की बदली जिंदगी; अब शेष परिवारों पर फोकस

उपशीर्षक: वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक 2011 से 2023 के बीच गरीबी दर में भारी कमी दर्ज की गई। उपलब्धि को आगे बढ़ाने के लिए शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय मिलकर तैयार करेंगे आगे की रणनीति।

नई दिल्ली। देश में गरीबी उन्मूलन को लेकर जारी प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ल्ड बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में भारत के करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2011 में गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत थी, जो 2023 तक घटकर 16.10 प्रतिशत रह गई। इस बदलाव में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी पहलों का योगदान भी महत्वपूर्ण बताया गया है। इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने और अभी भी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने नई पहल की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में 23 नवंबर को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है।

Read More

गरीबी उन्मूलन के अगले चरण पर बनेगी रणनीति

कार्यशाला में इस बात पर विशेष चर्चा होगी कि देश में गरीबी कम करने के लिए अब तक किए गए प्रयासों को और प्रभावी कैसे बनाया जाए। कार्यक्रम की थीम ‘भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान’ रखी गई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त भागीदारी में होने वाले इस कार्यक्रम में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान भी शामिल होंगे। इसके अलावा दोनों मंत्रालयों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने वालों का बढ़ेगा मनोबल

इस आयोजन में गरीबी उन्मूलन के लिए काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान को भी सम्मान दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान उनके प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के लक्ष्यों को लेकर प्रोत्साहित करेंगे। कार्यशाला में यह भी विचार किया जाएगा कि गरीबी रेखा से नीचे रह रहे परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से कैसे पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से बाहर निकलने के बेहतर अवसर मिल सकें।

खेती और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

गरीबी कम करने के अगले चरण में कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के अवसर विकसित करने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही यह भी तय करने की कोशिश होगी कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किन योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकता है।

गरीब कल्याण के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की तैयारी

केंद्र सरकार का उद्देश्य गरीबी कम करने के लिए मिली उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए शेष जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। सरकार की इस पहल को गरीब कल्याण और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यशाला में होने वाला विचार-विमर्श आने वाले समय में गरीबी उन्मूलन की योजनाओं के लिए नई दिशा और कार्ययोजना तैयार करने में मददगार हो सकता है।

source link:-https://www.republicsandesh.com/2026/11/major-breakthrough-in-tackling-poverty-in-india-lives-of-496-million-people-transformed-focus-now-shifts-to-the-remaining-families/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *