उपशीर्षक: वैशाली में प्रधानमंत्री की जनसभा और नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए सुरक्षा का व्यापक इंतजाम, 35 डीएसपी समेत आठ आईपीएस अधिकारी तैनात; डीजीपी और मुख्य सचिव ने संभाली निगरानी।
बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में शनिवार को होने वाले कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री यहां कच्ची दरगाह-सिक्सलेन पुल यानी नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए करीब 70 कंपनियों के 6,500 जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 35 डीएसपी और आठ आईपीएस अधिकारी भी अलग-अलग मोर्चों पर तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी प्रीता वर्मा लगातार सुरक्षा तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर पहले राघोपुर में उतरेगा। इसके बाद वे नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे और सड़क मार्ग से जनसभा स्थल पहुंचेंगे।
पुल से लेकर सभा स्थल तक सीसीटीवी से निगरानी
Also Read
- सरकारी टकसाल के नाम पर करोड़ों की ठगी! 20 करोड़ के सोना-चांदी लेकर फंसा दिल्ली का सर्राफा परिवार
- शेनझेन में तीन महाशक्तियों का शक्ति प्रदर्शन! ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग की बैठक से भारत की बढ़ी नजरें
- चीन के सामने फिर एकजुट हुए भारत समेत चार देश, QUAD की बैठक से बदले हिंद-प्रशांत के समीकरण
- लतीफ भट के अंत के साथ कश्मीर में बदला आतंक का समीकरण, स्थानीय आतंकियों का आंकड़ा शून्य पर पहुंचा
- पंजाब में खाकी पर हमलों का सिलसिला जारी, 9 महीने में 7 पुलिसकर्मियों की गई जान; ‘ऑपरेशन नूर’ से मचा हड़कंप
सुरक्षा के मद्देनजर उद्घाटन स्थल और जनसभा क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही सभा स्थल और पुल के आसपास कुल 70 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम और संबोधन लाइव दिखाया जाएगा। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए नीतीश सेतु के पास तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं। वहीं, जनसभा स्थल के नजदीक पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। इनमें प्रधानमंत्री और एयरफोर्स के लिए तीन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए एक-एक हेलीपैड निर्धारित किया गया है।
एसपीजी और कमांडो ने संभाली सुरक्षा की तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एसपीजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रही हैं। प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल रेंज रोवर, जैमर वाहन और एसपीजी की गाड़ियां भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा लोगों का अभिवादन करने के लिए एक विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है। सभा स्थल, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों की जांच डॉग स्क्वायड तथा मेटल डिटेक्टर की मदद से की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम संपन्न होने तक लगातार निगरानी बनाए रखेंगी।
35 डीएसपी और आठ आईपीएस अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को संभालने के लिए आठ आईपीएस अधिकारियों के साथ 35 डीएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें साइबर, यातायात और लाइन डीएसपी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सारण समेत कई जिलों से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल और पुल के उद्घाटन क्षेत्र में एंबुलेंस तथा अग्निशमन वाहनों की तैनाती भी की गई है। प्रशासन की ओर से लगातार मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजामों को परखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वैशाली में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता कार्यक्रम को बिना किसी बाधा के संपन्न कराना है।
source link:- https://www.republicsandesh.com/2026/11/high-alert-in-bihar-ahead-of-pm-modis-visit-6500-personnel-to-oversee-security/






